डीसी ने जाने गिरते भूजल में सुधार के प्रयास
-डीसी ने अटल भूजल योजना के तहत लघु सचिवालय में की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हाल में डीसी पार्थ गुप्ता ने अटल भूजल योजना के तहत गिरते भूजल पर समीक्षा बैठक की। इसमें सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरिंद्र कुमार ने योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तक डीआईपी टीम ने अटल भूजल योजना के अंतर्गत 60 प्रतिशत वाटर सिक्योरिटी प्लान बनाकर एसपीएमयू (एस्टेट प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट) को दे दिए हैं। बाकी के 40 प्रतिशत प्लान 15 जून तक देने हैं।
सिंचाई विभाग अटल भूजल योजना के आईइसी एक्सपर्ट दीपक कुमार ने बताया की गांवों में बैठकें की जा रही हैं, जिसमें लोगों को पानी बचाने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। ग्राउंड वाटर एक्सपर्ट पंकज शेखवाल ने बताया कि किसानों को ज्यादा से ज्यादा फसल विविधीकरण टपका व फव्वारा विधि को अपनाना चाहिए। इससे भूजल स्तर बढ़ेगा।
उन्होंनेे बताया कि अटल भूजल योजना के अंतर्गत 251 ग्राम पंचायतों में पीजोमीटर, रेन गेज, वाटर टेस्टिंग किट फ्लो मीटर लगाए जाएंगे। पीजोमीटर से भूमिगत जल की मॉनिटरिंग की जाएगी। रन गेज से हर साल गांव में कितनी बारिश हुई, यह मापन किया जाएगा। वाटर टेस्टिंग से गांव के पानी की गुणवत्ता पता चलेगी। फ्लो मीटर से पता चलेगा कि भूजल का कितना दोहन हो रहा है।