यमुनानगर। सिर में चोट लगने से घायल हुए युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुक्रवार रात सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि डॉक्टर उसका का इलाज नहीं कर रहे हैं। न ही उनका मेडिकल किया जा रहा है। बिना इलाज किए उन्हें ट्रॉमा सेंटर से बाहर निकाल दिया गया। जिसको लेकर उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में हंगामा किया गया। वहीं डॉक्टर व स्टाफ का आरोप है कि आरोपी युवक शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने बिना परमीशन आपातकालीन कक्ष में घुसकर कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। अस्पताल के चिकित्सक व स्टाफ ने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में घायल युवक व उसके साथियों के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक डॉ. शुभम, डॉ. आरती, दीपिका, सुरेश कुमार, अरुण कुमार, विशाल कुमार, गुरमीत, विजय कुमार, आदित्य वर्मा ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात करीब सवा 12 बजे चोपड़ा गार्डन निवासी सुमंत कुमार ट्रॉमा सेंटर आया। उसके सिर में चोट लगी थी। उसके साथ 8-10 युवक और भी थे। आरोप है कि ये युवक सीधे ही आपातकालीन कक्ष में घुस गए। उन्होंने उन्हें रोका और डॉक्टर से जांच कराने के लिए कहा।
आरोप है कि ये युवक नशे में थे। जब उन्होंने उन्हें आपातकालीन कक्ष में घुसने से रोका तो उन्होंने उनके साथ अभद्रता की। उनके साथ गाली-गलौज की। डॉ. शुभम ने बताया कि उसने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और अभद्रता कर हंगामा करने लगे। इस दौरान आरोपी युवक उनकी वीडियो बनाने लगे। उन्होंने आरोपियों को वीडियो बनाने से भी मना किया लेकिन आरोपियों ने उनकी नहीं मानी। उनके हंगामे की वजह से अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी परेशानी हुई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। रात को ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को ट्रॉमा सेंटर से बाहर लेकर गई। जांच अधिकारी एएसआई भूपिंदर सिंह का कहना है कि मामले में आरोपी शुभम को नामजद करते हुए उसके 8-10 अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।