संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साढ़ौरा क्षेत्र के एक गांव में प्रेम विवाह करने वाली युवती की मां के साथ तीन व्यक्तियों ने घर में घुसकर मारपीट व छेड़खानी की। युवती की मां ने उसकी बेटी से प्रेम विवाह करने वाले युवक के पिता व दो अन्य व्यक्तियों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
साढ़ौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी ने क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि इसी को लेकर युवक के पिता व अन्य परिजन उससे रंजिश रखते थे। दो जुलाई को वह घर पर अकेली थी। तभी उसकी बेटी से प्रेम विवाह करने वाले युवक का पिता जसवंत अपने साथी राजेंद्र व पारस के साथ मिलकर उनके घर में घुस गया और उसकी बेटी को लेकर उससे बहस करने लगा।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी व्यक्तियों ने उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ गलत हरकतें करनी शुरू कर दी। जब उसने आरोपियों का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ मारपीट की। आवाज सुनकर जब उसके पड़ोस में रहने वाले अन्य लोग मौके पर आए तो आरोपी वहां से फरार हो गए। उसने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।