यमुनानगर। शहर की भगीरथ कॉलोनी में चोरों ने घर के ताले तोड़ गहने, नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी के समय परिवार शादी समारोह में देहरादून गया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है।
भगीरथ कॉलोनी निवासी पूजा ने बताया कि दस नवंबर को वह अपनी जेठानी के साथ देहरादून शादी में गई थी। वीरवार शाम करीब चार बजे वह शादी से घर आई। घर के मेन गेट का ताला खोलकर जब वह अंदर गई तो उसने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी। सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी से सोने की दो जोड़ी बालियां, सोने का ओम, गले का सेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, आठ सिक्के, पैसों से भरा गुल्लक, कमरे में लगी एलईडी व अन्य सामान गायब था। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद