संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिविल सर्जन की सख्ती का असर मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल समेत सभी सीएचसी, पीएचसी में दिखने लगा है। पहले अस्पतालों में गंदगी व सफाई का अभाव रहता था, अब वहां सब कुछ चमकदार नजर आ रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में शौचालयों से लेकर फर्श तक सब चमका हुआ है।
डॉ. पूनम चौधरी ने कुछ दिन पहले ही जिले में सिविल सर्जन का कार्यभार संभाला था। उन्हें सख्त अधिकारी के तौर पर भी उन्हें जाना जाता है। कई माह से न केवल सिविल सर्जन कार्यालय बल्कि अस्पतालों में भी सफाई व्यवस्था की हालत खराब थी। जगह-जगह अस्पताल में गंदगी के ढेर दिखते थे। फर्श की सफाई न होने से इस पर जूते तक चिपक जाते थे।
शौचालयों में भी सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही थी। इस पर मरीज व उनके तीमारदार हर समय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोसते रहते थे। पीएमओ डॉ. नवजोत किरन टिवाना यदि थोड़ी सी भी सख्ती करतीं तो राजनीतिक शरण पाने वाले कर्मचारी नेताओं को फोन खड़का देते थे। ऐसे में सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी के आने से व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला है।
सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी का कहना है कि सरकार काम करने के लिए वेतन देती है। फिर चाहे वह कोई कर्मचारी हो या फिर डॉक्टर। व्यवस्था के अनुसार सबको काम करना होगा। पीएमओ डॉ. नवजोत कौर के सहयोग से जिला अस्पताल में सफाई करवाई जा रही है। जिन कर्मचारियों ने अब अस्पताल को चमकाया है, यही पहले थे। काम न करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।