संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली भी जा चुकी, परंतु जिले की हवा अब भी खराब हो रही है। लगातार जिले का एक्यूआई में ऊपर-नीचे हो रहा। सोमवार को 244 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया। ऐसे हवा में प्रदूषण का स्तर हानिकारक स्थिति में बना हुआ है। यह सामान्य से करीब चार गुना अधिक है और इसका लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
दिवाली के चलते दो दिन हुई पटाखे व आतिशबाजी के बाद से जिले की हवा खराब है। हालांकि दिवाली की अपेक्षा प्रदूषण में कमी आई है, लेकिन मौजूदा एक्यूआई भी स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है। जिले का एक्यूआई 244 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया। दिवाली के अगले दिन 21 अक्तूबर को जिले का एक्यूआई 224 माइक्रोग्राम दर्ज किया गया था। वहीं, बुधवार को यह 320 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। परंतु दो दिन से हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है।
ऐसी स्थिति में चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। इस दौरान सिविल अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सचिन शर्मा ने बताया कि पटाखों के कारण होने वाले प्रदूषण से कई तरह की बीमारियां हो सकती है। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत सांस और दमा रोग से पीड़ित मरीजों को होती है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसी दिक्कतों से संबंधी लोगों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में बुजुर्गों को कुछ दिन सुबह की सैर नजरअंदाज करनी चाहिए। बाहर निकलते समय लोग मास्क व चश्मे का प्रयोग करें। सांस, गले में खराश व दर्द की शिकायत होने पर चिकित्सक से मिलें।