संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ठंड की दस्तक के साथ शिक्षा विभाग ने विद्यालयों का समय बदल दिया है। निदेशालय ने सभी निजी व राजकीय विद्यालय लगने का साढ़े नौ बजे कर दिया है। इसके साथ ही दोहरी शिफ्ट वाले स्कूलों का समय भी बदला गया है। यह समय सारणी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता ने बताया कि निदेशालय के आदेश राजकीय व निजी विद्यालय सहित सीबीएसई, हरियाणा बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड सभी पर लागू होंगे। निदेशालय ने समय बदलने का पूरा शेड्यूल जारी किया है। इसमें एकल और दोहरी पारी वाले विद्यालयों के अलग-अलग समय है। निदेशालय ने आदेश जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड मौलिक शिक्षा एवं खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्राचार्यों को पत्र से जारी कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्याें को विद्यालयों में सर्दी बचाव के कार्य समय से पहले पूरे करवाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी प्रभारियों को स्कूलों में सर्दी बचाव के करवाए जाने वाले कार्याें की जानकारी मांगी है। जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूल 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक लगेंगे।
वहीं दोहरी शिफ्ट वाले स्कूलों का समय अलग रहेगा। दोहरी शिफ्ट वाले स्कूल सुबह सात बजकर 55 मिनट से शाम पांच बजकर 15 तक लगेंगे। ऐसे स्कूलों में पहली शिफ्ट सुबह सात बजकर 55 मिनट से दोपहर साढ़े 12 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी शिफ्ट में दोपहर 12 बजकर 40 मिनट से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक पढ़ाई कराई जाएगी।