संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गोविंद विहार में गंदे पानी के जोहड़ में डूबने से हुई पांच वर्षीय कुंज की मौत के बाद निवासियों में पुलिस व नगर निगम अफसरों की कार्यप्रणाली के प्रति रोष है। उनका आरोप है कि हादसे के दो दिन बाद भी निगम अफसरों ने जोहड़ की सुध नहीं ली। साथ ही थाने में दी शिकायत पर पुलिस ने भी निगम अफसरों से बातचीत नहीं कराई। ये देख मामले में निवासियों ने नगर निगम आयुक्त से मिलने का फैसला लिया है। कॉलोनी के गगनदीप सिंह, प्रभजोत सिंह ने बताया कि शनिवार शाम कॉलोनी में गंदे पानी के जोहड़ में पांच साल के कुंज पटेल की डूबने से मौत हो गई थी। हादसे पर गुस्साए कॉलोनी व साथ लगते इलाके के लोगों ने ससौली रोड को जाम किया।
इस दौरान मांग रखी कि जोहड़ के चारों ओर दीवार या तारबंदी हो। साथ ही जोहड़ को अधर में छोड़ने वाले नगर निगम अफसरों पर कार्रवाई की मांग थी।
दोनों मांग पर जाम लगाने के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अफसरों से आश्वासन दिया, पर दो दिन बाद भी दोनों मांग पर कुछ नहीं हुआ। हादसे के लिए नगर निगम पर लापरवाही के आरोप में फर्कपुर थाने में दी गई शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को निगम अफसरों व निवासियों के बीच बातचीत नहीं कराई। जोहड़ के चारों ओर दीवार या तारबंदी करानी तो दूर निगम अफसर सुध लेने भी नहीं पहुंचे।
नगर निगम के अफसरों और निवासियों के बीच बातचीत कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - जनकराज, प्रभारी, थाना फर्कपुर।