संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑनलाइन गोल्ड माइनिंग का काम कर अधिक रुपये कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने बूड़िया के विकास कांबोज से साढ़े दस लाख रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बूड़िया निवासी विकास कांबोज ने बताया कि वह किसान है। उसके फेसबुक अकाउंट पर 19 दिसंबर को अनिशा शर्मा मुंबई के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद वह उससे फेसबुक पर चैटिंग करने लगी। बाद में उसने उससे टेलीग्राम पर बात करने के लिए लिंक भेजा। उस लिंक को खोलकर वह उससे टेलीग्राम पर बातचीत करने लगा।
उसने उसे बताया कि वह गोल्ड माइनिंग का काम करती है। इससे उसकी अच्छी कमाई होती है। आरोपी ने उसे भी गोल्ड माइनिंग का काम करने का झांसा देकर अधिक रुपये कमाने का लालच दिया। वह उसके लालच में आ गया। आरोपी ने उसे एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही वह अमेरिकन गोल्ड नाम के अकाउंट से जुड़ गया। आरोपी अनिशा ने उसे उसमें रुपये जमा करने के लिए कहा। आरोपी की बातों में आकर उसने 20 फरवरी को आरटीजीएस के माध्यम से 50 हजार रुपये, 20 मार्च को तीन लाख और 11 अप्रैल को सात लाख जमा करवाए।
12 मार्च को उसने खाते से रुपये निकालने के लिए आरोपी अनिशा से बातचीत की। कुछ देर बाद उसके गोल्ड माइनिंग के अकाउंट में 10 हजार अमेरिकन डॉलर आने का ई-मेल आईडी पर संदेश आया। जब उसने उन्हें निकालने का प्रयास किया तो उसे संदेश आया कि उसे 16209.5 डॉलर देने होंगे। इस पर उसे साइबर धोखाधड़ी होने का शक हुआ। उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। अब साइबर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। साइबर थाना प्रभारी रजत शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।