साढौरा। दयालवाला मंदिर परिसर में स्थित श्रीश्याम गोशाला को 10 माह से सरकारी अनुदान न मिलने से गोशाला संचालन के लिए आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रांट के अभाव में गोशाला के लगभग 500 गोवंशों के लिए चारे की कमी का सामना करना पड़ रहा है। गोशाला संचालक व गोरक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री महंत शोभा दास ने बताया कि सरकार की तरफ से बछड़ा-बछड़ी के लिए 10, गाय के लिए 20 तथा नंदी के लिए 25 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से ग्रांट देना तय किया हुआ है।
वैसे तो यह ग्रांट भी बहुत कम है, लेकिन यह भी दस माह से न मिलने के कारण गोशाला संचालन के लिए बहुत संकट हो गया है। गोशाला की जमीन पर खेती करके हरे चारे का प्रबंध किया जा रहा है, लेकिन यह भी पर्याप्त नहीं हो रहा है। इन दिनों किसानों से भी तुड़ी नहीं मिलने से चारे की कमी हो गई है। गोवंश का बीमारी से बचाने के लिए पर्याप्त दवाएं व संसाधन नहीं हैं। संवाद