यमुनानगर। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से वीरवार को रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान शहीद भगत सिंह चौक से लेकर बूड़िया चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया और बाहर रखा सामान जब्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर वार्ड 1 से 11 तक सीएसआई और वार्ड 12 से 22 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सीएसआई बेनीवाल के अनुसार एसआई प्रदीप दहिया एसआई सुशील शर्मा और होमगार्ड की टीम वीरवार को मौके पर पहुंची और अभियान शुरू किया। निगम की कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
कई दुकानदारों ने खुद ही दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर रखना शुरू कर दिया। टीम ने सड़क पर मिला सामान जब्त किया और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा अतिक्रमण न करें। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ चालान भी किया जाएगा।
अभियान के दौरान निगम की ओर से सड़क की सफाई भी कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी होती है और यातायात प्रभावित होता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।