संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। नेशनल हाईवे-73ए पर कलेसर से जगाधरी तक जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। नेशनल हाईवे का हाल संपर्क मार्गों से भी बदतर हो रहा है। कब कहां बड़ा गड्ढा आ जाए पता ही नहीं चलता। सड़क में बने गड्ढे किसी भी समय दुर्घटना का सबब बन सकते हैं।
नेशनल हाईवे पर अग्रसेन चौक से कलेसर लाल ढांग तक जगह-जगह बने ये गड्ढे दिन प्रतिदिन विकराल रूप ले रहे हैं। इससे दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त भी हो चुके हैं। खास बात यह है कि संबंधित विभाग इन गड्ढों को भरने की ही जहमत तक नहीं उठा रहा। सड़क पर बने इन गड्ढों से बड़े वाहनों के लिए भी समस्या बढ़ गई है।
ऐसे में छोटे वाहनों के चालकों की परेशानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। संबंधित विभाग की ओर से इस तरफ ध्यान न दिए जाने से गड्ढों का आकार बढ़ता जा रहा है। हाइवे पर गड्ढे होने से रात में ज्यादा दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है। हाईवे पर बारिश के चलते हुए गहरे गड्ढों में पानी भरने के चलते रात के समय वाहन चालकों को ये गड्ढ़े दिखाई नहीं देते है, इसके चलते रात में ज्यादा दुर्घटनाएं हो सकती है। वहीं गड्ढों के कारण कई दोपहिया व चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। विभागीय उपेक्षा के कारण दिन प्रतिदिन खतरनाक रूप ले रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।