संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी से पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर बने अवैध कट बंद करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। डीसी प्रीति के निर्देश पर गठित कमेटी ने सोमवार को जगाधरी बस स्टैंड से लेकर मानकपुर तक हाईवे का निरीक्षण किया। कमेटी ने अवैध रूप कटों की संख्या दर्ज कर आकलन किया कि किन कटों को तत्काल बंद करना आवश्यक है।
जगाधरी से पांवटा साहिब की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर बड़ी संख्या में अवैध कट हैं। इन कटों के कारण वाहन चालक बिना किसी रोक-टोक के अचानक गलत दिशा में मुड़ जाते हैं। इससे हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों के साथ टक्कर की आशंका बनी रहती है और आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की ओर से लगातार इन कटों को बंद कराने की मांग उठाई जा रही थी।
सोमवार को गठित कमेटी में नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिकारी, नगर निगम के एक्सईएन तथा थाना यातायात के एसएचओ शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले जगाधरी बस स्टैंड के सामने स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक का निरीक्षण किया। यहां से लेकर मानकपुर तक कई स्थानों पर ऐसे कट मिले, जहां से वाहन सीधे विपरीत दिशा में प्रवेश कर रहे थे।
कमेटी ने इन स्थानों को विशेष रूप से खतरनाक श्रेणी में रखा है। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक के पेट्रोल पंप के सामने बने अवैध कट को भी चिन्हित किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है और अचानक मुड़ने वाले वाहनों के कारण कई बार टक्कर की घटनाएं हो चुकी हैं। कमेटी ने संबंधित बिंदुओं की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई, ताकि रिपोर्ट तैयार करते समय सटीक स्थिति प्रस्तुत की जा सके।
बताया जा रहा है कि सड़क सुरक्षा की पिछली बैठक में डीसी प्रीति ने अवैध कटों को बंद करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इसी पर नाराजगी जताते हुए डीसी ने नई कमेटी का गठन किया और स्वयं रिपोर्ट तलब की। अब कमेटी पांच मार्च को बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।
रिपोर्ट में स्पष्ट किया जाएगा कि कुल कितने अवैध कट हैं और कितनों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाना चाहिए। जिन कटों को अत्यधिक खतरनाक पाया गया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बंद करने की सिफारिश की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर डिवाइडर ऊंचा करने, बैरिकेडिंग लगाने और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाने का प्रस्ताव भी रिपोर्ट में शामिल किया जा सकता है।
वर्जन:
अवैध कटों को बंद करने के लिए बनाई गई कमेटी ने सोमवार को जगाधरी बस स्टैंड से लेकर मानकपुर तक हाईवे का निरीक्षण किया गया। इसकी रिपोर्ट तैयार करने के लिए पांच मार्च को बैठक बुलाई गई है। जल्द ही रिपोर्ट डीसी को सौंप दी जाएगी। - कुशलपाल राणा, एसएचओ, थाना यातायात।