संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर में बहे पानीपत के व्यापारी इसराना निवासी लाखोगुहाना निवासी देवेंद्र का रविवार को भी सुराग नहीं लगा। व्यापारी को नहर में डूबे चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उधर, एनडीआरएफ व गोताखोरों की टीमों ने रविवार को 20 किलोमीटर तक डूबे व्यापारी की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
देवेंद्र व्यापारी के साथ-साथ पहलवान भी हैं। देवेंद्र नया साल का जश्न मनाने पानीपत से जिले गांव कश्मीरगढ़ अपने चार से पांच दोस्तों के साथ यहां पहुंचे थे। उसके साथी सुरजीत, संदीप व प्रवीण सहित अन्य देवेंद्र को नहर में नहाने से मना भी किया। लेकिन, देवेंद्र अपनी जिद पर अड़ गए और नहाने के लिए नहर में उतर गए। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह जिद उसकी जान पर भारी पड़ जाएगी।
रात का समय, कड़ाके की ठंड और नहर की गहराई को देखते हुए दोस्तों ने अपने साथी देवेंद्र को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। जैसे ही वह नहर में उतरा, तेज बहाव के कारण कुछ ही पलों में देवेंद्र काफी आगे बह गया। जब तक साथी कुछ समझ पाते, देवेंद्र की वापसी मुश्किल हो चुकी थी। अपने साथी को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया और मदद के लिए आसपास के लोगों को आवाज दी। उधर गोताखोर अमर सिंह ने बताया कि रविवार को भी दिनभर व्यापारी देवेंद्र की तलाश की गई। दो-दो टीमें अलग-अलग दिशा में तलाश कर चुकी, लेकिन कुछ सुराग नहीं लगा।