यमुनानगर। थाना बूड़िया क्षेत्र में फतेहपुर पुल के नीचे पश्चिमी यमुना नहर किनारे वीरवार को मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान 72 घंटे बीत जाने के बाद भी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर कोई भी व्यक्ति उसकी पहचान के लिए सामने नहीं आया। पुलिस के अनुसार, शव मिलने के बाद आसपास के गांवों और क्षेत्रों में लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही जिले और आसपास के थानों में हाल के दिनों में दर्ज महिलाओं की मिसिंग रिपोर्ट को भी खंगाला जा रहा है, ताकि मृतका की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी मिसिंग रिपोर्ट से शव की पहचान का मेल नहीं हो पाया है।
जांच के दौरान पुलिस को महिला के पास से कुछ सामान भी मिला है। महिला की जेब से तंबाकू की पुड़िया और माचिस बरामद हुई थी। इसके अलावा उसके एक हाथ में मंगलसूत्र भी लिपटा मिला है, जिससे उसके विवाहित होने की आशंका जताई जा रही है। मौके से एक मोबाइल भी बरामद हुआ था, लेकिन वह बंद हालत में था। पुलिस ने मोबाइल को तकनीकी जांच के लिए भेज दिया है, जिससे महिला की पहचान या उसके संपर्कों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वहां कैसे पहुंची और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं था।
थाना बुड़िया पुलिस का कहना है कि शव को 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया था। अब पहचान नहीं होने की स्थिति में रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इसके बाद सामाजिक संस्था के सहयोग से अज्ञात के रूप में अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और युवती की पहचान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।