संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दिवाली से पहले ही शहर की हवा खराब होने लगी है। नगर निगम न तो सड़कों पर पानी का छिड़काव करवा पा रहा है और न ही कूड़ा जलाने पर रोक लगा पा रहा है। शहर में कचरा उठान की व्यवस्था ठीक न होने के कारण कई जगह लोग कूड़ा जलाने को मजबूर हैं, जिससे शहर की हवा दिन-प्रतिदिन जहरीली होती जा रही है।
मंगलवार की तुलना में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 10 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 218 पर पहुंच गया। मंगलवार को यह 208 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया था। प्रदूषण बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, खांसी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में दिवाली के दौरान आतिशबाजी और धुएं से लोगों की सेहत पर और बुरा असर पड़ने की आशंका है।
निगम की लापरवाही से शहरवासियों की चिंता बढ़ रही है। हालांकि इस बार जिले में पराली जलाने के केवल दो ही मामले हैं। बावजूद इसके जिले की हवा हानिकारक होती जा रही है। वातावरण में मौजूद धूल के कण आंखों में जलन, त्वचा एर्लेजी, खाज-खुजली इत्यादि शिकायतें भी बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल में ऐसे मामलों में करीब 20 फीसदी इजाफा हुआ है। इन दिनों अस्पताल में इन शिकायतों संबंधी 300 से 350 मामले पहुंच रहे हैं। साथ ही दमा सहित सांस की बीमारी से ग्रस्त लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
-
आठ दिन में डेढ़ गुणा हुआ एक्यूआई
बुधवार को जिले का एक्यूआई 218 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। आठ दिन से लगातार जिले का एक्यूआई बढ़ रहा है और यह बढ़कर डेढ़ गुणा हो गया है। आंकड़ों के अनुसार, 28 अक्तूबर को जिले का एक्यूआई 136 दर्ज किया गया था। 29 अक्तूबर को यह बढ़कर 171 पर पहुंच गया। हालांकि, 30 अक्तूबर को इसमें बड़ी गिरावट आई और एक्यूआई 76 दर्ज किया गया। इसके बाद 31 अक्तूबर को यह फिर बढ़कर 128 हो गया। वहीं, एक नवंबर को एक्यूआई 186 और 2 नवंबर को 208 तक पहुंच गया। मंगलवार को यह 194 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। इस सप्ताह प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा है।