संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला प्रशासन ने जमीन के कलेक्टर रेट में 10 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में किसी ने भी बढ़े कलेक्टर रेट पर आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में बढ़े हुए रेट को यथावत लागू किया जा सकता है।
वहीं आपत्ति दर्ज नहीं कराने के पीछे लोगों का तर्क है कि इसके लिए उन्हें केवल एक दिन ही दिया गया था। ऐसे में किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं दिया गया। वहीं जमीन के कलेक्टर रेट में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी को लोग बहुत ज्यादा बता रहे हैं। इसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। क्योंकि इतने महंगे रेट पर जमीन खरीदना हर किसी के लिए इतना आसान नहीं होगा।
वहीं तहसीलों में शुक्रवार को एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई। इसकी वजह कलेक्टर रेट का अभी फ्रीज नहीं होना है। यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के गांव करेहड़ा खुर्द में जमीन की कीमतों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। करेहड़ा खुर्द में कृषि योग्य प्रति एकड़ जमीन का रेट अब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 48 लाख रुपये हो गया है। वहीं गांव में जो कृषि योग्य जो जमीन प्राइम लोकेशन पर है उसका रेट तो 1.08 करोड़ रुपये तक कर दिया गया है
यहां 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ी कीमत
जगाधरी तहसील में आने वाले अकालगढ़, आहलूवाला, ईशोपुर, उधमगढ़, करेहड़ा खुर्द, कांसापुर, कैल, खेड़ी रांगड़ान, प्रतापनगर, गधौली, गोबिंदपुरा, गोलनपुर, झींवरहेड़ी, गोलनपुर, जगाधरी नगर निगम क्षेत्र, मॉडल टाउन, अंसल हाउसिंग, जय सिंह, राजीव विहार, जड़ौदा, जोगियों, टापू मंडौली, तिंगरा, गुर्जर नगर, तेलीपुरा, दड़वा, नाहरनपुर, पाबनी कलां, बूड़िया, बलाचौर, बाल छप्पर, भगवानगढ़, भटौली, भूखड़ी, भोगपुर, मंधार, मंडेबर, महलांवाली, मिल्क सुखी, मुसिंबल, फव्वारा चौक से प्यारा चौक, कमला नगर, पटेल मार्केट, विष्णु नगर, राजा राम गली, शाहपुर, हरिपुर जटान का 30 से 50 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है।
बढ़े हुए कलेक्टर रेट को लेकर किसी भी व्यक्ति ने एक भी आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। इसलिए कलेक्टर रेट लगभग फाइनल ही हैं। फिर भी कुछ एक जगह रेट में कम ज्यादा करने को लेकर विचार हो रहा है। - तरुण साहोता, जिला राजस्व अधिकारी यमुनानगर।
कई जगह कामर्शियल जमीन का रेट 60 से 70 हजार रुपये प्रति वर्ग गज कर दिया गया है। कलेक्टर रेट थोपा गया है। किसी को भी आपत्ति दर्ज कराने का मौका नहीं दिया गया। तहसीलों में रजिस्ट्री भी नहीं हो रही। कम से कम 10 दिन का समय लोगों को दिया जाना चाहिए था ताकि आपत्ति दर्ज करवा सकें। - विनोद मरवाह, प्रधान, यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन।
यमुनानगर। जिला सचिवालय में शुक्रवार को आवासीय, व्यावसायिक और खेती-बाड़ी की जमीन के कलेक्टर रेट तय करने के लिए बैठक हुई। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर रेट लागू करनसे पहले प्री-डिक्टिव कलेक्टर रेट की सूची को जिला प्रशासन की वेबसाइट पर सार्वजनिक किया गया था। इसके विषय में आमजन से आपत्तियां और सुझाव मंगवाने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता ने बताया कि डीसी की अध्यक्षता में समिति ने तीनों प्रकार की भूमियों के कलेक्टर रेट को फाइनल कर दिया है। नए रेट को पोर्टल (WEB- HALRIS) पर अपलोड कर दिया गया है। इसके संबंध में पूरा विवरण, रेट सूची की जानकारी (www.jamabandi.nic.in) पर देखी जा सकती है। संवाद