यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 73.1 ग्राम हेरोइन के साथ एक कार सवार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव ससोली निवासी रोहित शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी हत्या के मामले में जमानत पर बाहर था।
सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी कलानौर बॉर्डर के रास्ते कार में हेरोइन लेकर यमुनानगर जिले में प्रवेश करने लगा था। शक के आधार पर उसे रोक लिया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और डीएसपी जगाधरी राजीव मिगलानी को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में कार सवार युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 73.1 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया। जांच में सामने आया कि रोहित एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले हत्या की प्राथमिकी दर्ज है, जिसमें उसे सजा भी हो चुकी है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। इसके अलावा चोरी, नशा तस्करी और झगड़े से जुड़े चार अन्य आपराधिक मामले भी उसके खिलाफ दर्ज हैं। संवाद