संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शराब के गोदाम पर हुई फायरिंग के मामले में एसटीएफ अंबाला ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कार, बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं। वहीं कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
बीते 11 मार्च को जगाधरी बस स्टैंड के पास शराब के गोदाम पर फायरिंग हुई थी। कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर नोनी राणा ने इसकी जिम्मेदारी लेकर खलबली मचा दी थी। जिसके बाद से ही पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। अंबाला एसटीएफ ने शूटर गौरव और उसके साथी विशाल को काबू किया था। दोनों को पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी।
जिसमें कुछ अन्य नाम भी सामने आए थे। जिसमें यमुनानगर के सरबजोत का नाम भी सामने आया था। वारदात के समय सरबजोत कार लेकर घटना स्थल के पास ही था। पुलिस ने सरबजोत को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। पुलिस टीम ने सरबजोत के कब्जे से एक कार भी बरामद की है।
वहीं घटना में शामिल बाइक को कालाअंब से बरामद किया है। एसटीएफ ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसटीएफ अंबाला के डीएसपी अमन सिंह ने बताया कि आरोपियों को काबू कर जेल भेजा गया है। उनके कब्जे से कार, बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं।