व्यासपुर। वेद व्यास की तपोस्थली व्यासपुर में गोशाला न होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना व अन्य कार्य के लिए कस्बा से 15 से 20 किलोमीटर दूर छछरौली, साढौरा व रणजीतपुर जाना पड़ता है। इसके कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र में गोशाला के निर्माण के लिए सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं मांग उठाती रही हैं, लेकिन मांग को पूरा नहीं किया गया है। सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना ने कहा कि क्षेत्र में गोशाला के निर्माण को लेकर वह प्रयासरत है। ग्राम पंचायत व्यासपुर के पास पंचायती भूमि नहीं है। पंचायती भूमि न होना गोशाला के निर्माण में बाधा बन रही है। गोशाला के निर्माण को लेकर कस्बा के आसपास के गांवों की पंचायतों को आगे आकर कार्य करना होगा।
जन संवाद कार्यक्रम में श्री राम सेना के पदाधिकारियों के द्वारा कस्बा व आसपास के क्षेत्र में गौशाला के निर्माण को लेकर भूमि की मांग की गई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने गो सेवा आयोग के माध्यम से कार्य करवाने का आश्वासन दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बा में गोशाला के निर्माण से सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को रहने के लिए निश्चित स्थान मिल जाएगा जिससे घायल पशुओं का उपचार भी संभव हो सकेगा और सड़कों पर घूम रहे पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी।