संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में शुक्रवार को भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहा। सुबह मौसम कुछ राहतभरा जरूर रहा, लेकिन दोपहर होते-होते तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। जिले का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया।
सुबह 11 बजे के बाद लू के थपेड़ों ने ऐसा असर दिखाया कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इससे पहले वीरवार देर रात मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। रात करीब 12 बजे आसमान में बादल छा गए और करीब दो बजे तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम के बदले मिजाज को देखकर लोगों को बारिश की उम्मीद जगी लेकिन पानी नहीं बरसा।
हालांकि तेज हवा और बादलों की वजह से शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तक मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। इसके बाद धीरे-धीरे धूप तेज होने लगी और गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गईं। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया।
खासकर बाइक और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। लू के थपेड़े चेहरे के साथ-साथ पूरे शरीर को झुलसाने लगे। गर्म हवाओं से बचने के लिए पुरुष और महिलाएं चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखाई दिए। वहीं दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा रहा।
बाजार, सड़कों पर चहल-पहल कम
तेज गर्मी और लू के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ कम नजर आई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। ठंडे पेय पदार्थ, जूस और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं राहगीर छांव की तलाश करते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ अजीत कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह वीरवार तक लोगों को इसी तरह गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि शुक्रवार और शनिवार को बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश होने पर अधिकतम तापमान घटकर करीब 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।