यमुनानगर। बिलासपुर में लेदी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही 15 साल की लड़की को कुचल दिया। हादसे में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। नगली 32 निवासी गीता ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लेदी रोड बिलासपुर में रहती है। उसका पति राजेंद्र सिंह जड़ी-बूटी बेचने का काम करता है।
मंगलवार रात करीब दस बजे उसकी 15 साल की बेटी गौरी शौच करने के लिए खेत में जा रही थी। जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, उसी समय तेज गति से एक ट्रक आया। आरोपी ट्रक चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए सड़क पार कर रही उसकी बेटी को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक उसे कुचलता हुआ निकल गया। इससे उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। जांच मुनीष कुमार का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्जकर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।