संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। उपमंडल व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल की अध्यक्षता में शनिवार को बीडीपीओ कार्यालय साढौरा में पटवारियों, ग्राम सचिवों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को पराली नहीं जलाने के प्रति जागरूक करना और फसल अवशेष प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू करना रहा।
बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन करने वाले किसानों को सरकार की ओर से 1200 रुपये प्रति एकड़ अनुदान राशि प्रदान की जाती है। वहीं जो किसान पराली जलाते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए जुर्माने, एफआईआर व रेड एंट्री का प्रावधान तय किया गया है। दो एकड़ तक पराली जलाने पर 5000 रुपये जुर्माना होगा।
वहीं दो से पांच एकड़ तक 10,000 रुपये तथा पांच एकड़ से अधिक क्षेत्र में पराली जलाने पर 30,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है और मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। इस पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपमंडल व्यासपुर के पटवारियों, ग्राम सचिवों और कृषि विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें बनाई हैं। प्रत्येक टीम को उनके संबंधित गांव आवंटित कर दिए गए हैं। इन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से गांवों का दौरा करें, किसानों से संवाद स्थापित करें और पराली प्रबंधन के महत्व के बारे में समझाएं। साथ ही गांव में मुनादी करवा कर लोगों को नियमों से अवगत कराएं। प्रत्येक टीम को अपने दौरे और किए गए कार्य का ब्यौरा रोजनामचा में प्रतिदिन दर्ज करना अनिवार्य होगा।