संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर के गांव गढ़ी सिकंदरा निवासी 22 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक शुभम की सड़क हादसे में मौत हो गई।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के चचेरे भाई अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि शुभम ने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और 10 दिन पहले ही गांव चमरोड़ी के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में नौकरी शुरू की थी। पिता सुखविंद्र सिंह की वर्ष 2010 में दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी शुभम पर आ गई थी।
हादसे के समय अनिल भी अपने काम से रादौर जा रहा था। अस्पताल परिसर से एक सिल्वर रंग की वैगनआर कार सड़क पर आ गई, जिससे सामने से आ रही शुभम की बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद शुभम घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल ले गए। वहां भी हालत में सुधार न होने पर परजिनों ने शुभम को पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रादौर थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी कार चालक भुवन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।