यमुनानगर। भाई कन्हैया साहिब चौक से कुछ दूरी पर बने ताऊ देवीलाल कॉप्लेक्स पार्क दुर्दशा का शिकार है। पार्क की वर्षों से सफाई तक नहीं हुई। पार्क में गंदगी के चलते लोगों ने भी सैर करना छोड़ दिया है। अब पार्क के इर्द-गिर्द पियक्कड़ों का जमावड़ा लगने लगा है।
यह पार्क हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधीन है। वर्षों पहले करोड़ों रुपये खर्च कर विभाग ने इस पार्क को बनवाया था। शुरूआती दौर में तो पार्क की देखरेख के लिए एक कर्मचारी रखा गया था। समय के साथ-साथ वह भी हटा दिया हैऔर पार्क अनदेखी की भेंट चढ़ गया। पार्क की सुरक्षा के लिए चारों तरफ लगी लोहे की ग्रिल अब टूट चुकी है। पार्क के चारों तरफ गेट भी गायब हो चुके। गेट के पिलर टूट कर गिर चुके हैं।
ऐसे में लावारिस पशु दिनभर पार्क में घूमते रहते हैं। पार्क में टाइल्स उखड़कर गई हैं। पार्क के अंदर चारों तरफ कूड़ा बिखरा पड़ा है। स्थानी लोगों ने बताया कि एक समय था जब पार्क देखने में काफी सुंदर लगता था। सात-आठ साल से इस पार्क की हालात खराब है। यहां लगी स्ट्रीट लाइटें भी टूट चुकी। ऐसे में रात को भी अंदर छाया रहता शाम ढलते ही पियक्कड़ पार्क में बैठकर मौज-मस्ती करते देखे जा सकते हैं। अब तो दिन में अराजकतत्व पार्क में डेरा डाले रहते हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि पार्क को दुरुस्त कर नए पौधे पेड़ लगवाएं जाएं।