रादौर। मुकंद लाल नेशनल कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से होली के उपलक्ष्य में ब्रांड ओली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अनूठे आयोजन में विद्यार्थियों ने पारंपरिक रंगोली के माध्यम से आधुनिक कॉरपोरेट जगत के प्रसिद्ध ब्रांडों के लोगो और उनके व्यावसायिक विश्लेषण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में 110 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणाम में बीए अंतिम वर्ष की छात्राएं तनीषा, मनजीत और मन्नत मानी ने नेस्ले का लोगो बनाकर विस्तृत विश्लेषण के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीकॉम प्रथम वर्ष के रोहन, कुलदीप, साहिल और अजय ने पीएनबी का लोगो बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
वहीं युक्ता, लक्ष्य, हेमा और सक्षम (बीकॉम प्रथम वर्ष) ने मीशो का लोगो बनाकर तथा नीरू, कुमकुम, राधिका व साक्षी (बीकॉम द्वितीय वर्ष) ने इंस्टाग्राम का लोगो बनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में केवल प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्राचार्य डॉ. माला शर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिता का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. पूजा वर्मा के नेतृत्व में किया गया।