संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी सुपर-100 योजना का लाभ लेने के लिए पहले चरण की परीक्षा बुधवार को होगी। परीक्षा इस परीक्षा में जिले के सभी खंडों से कुल 1160 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा को लेकर हर खंड में केंद्र बनाया गया है। हर खंड में एक-एक केंद्र बनाया गया है, वहीं जगाधरी खंड में दो केंद्र बनाए गए हैं।
विभाग की ओर से परीक्षा के एडमिट कार्ड ऑनलाइन जारी किए गए है। इसके लिए विभाग ने एक लिंक दिया है, जिससे एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकते हैं। परंतु यह विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों व अध्यापकों परेशानी का सामना का कारण बन गया है। कई विद्यार्थियों के लिंक से एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं। इससे अभिभावक व अध्यापक परेशान हो रहे हैं।
बिना एडमिट कार्ड के विद्यार्थी को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।
सुपर-100 परीक्षा के लिए जिला गणित विशेषज्ञ विशाल सिंघल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सुपर-100 की यह खंडस्तरीय प्रतियोगिता है। जिसके लिए हर खंड में केंद्र बनाए गए हैं। इस दौरान जगाधरी में कुल दो केंद्र राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी में बनाए गए हैं। इन दोनों केंद्रों में 190-190 परीक्षार्थी हैं।
बिलासपुर में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को 190 विद्यार्थियों का केंद्र बनाया गया है। छछरौली के राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को 185 विद्यार्थियों का केंद्र बनाया गया है। जबकि रादौर में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को 190, साढौरा के राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को 125 विद्यार्थियों का केंद्र बनाया गया है। जबकि सरस्वतीनगर खंड के राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र बनाया गया है। यहां पर कुल 90 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के लिए प्राचार्य देंगे लिखित प्रमाण : सिंघल
विभाग के लिंक से जिन विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हुए हैं। उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। नोडल अधिकारी विशाल सिंघल ने कहा कि जिन्हें एडमिट कार्ड प्राप्त नहीं हुए हैं और उनके पास परीक्षा संबंधी मैसेज आया है। वे अपने स्कूल प्राचार्य से लिखाकर लेकर आ सकते हैं। प्राचार्य उन्हें लिखित में देंगे कि वह उनके स्कूल का विद्यार्थी है। जिसके बाद केंद्र पर अन्य औपचारिकताओं के बाद उन्हें प्रवेश दे दिया जाएगा। डीएमसी ने बताया कि ऐसे कुछेक मामले आए थे, जिनका निपटान कर दिया गया है। वहीं, इस बारे स्कूल मुखियाओं व प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं।