संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। सेठ जयप्रकाश मुकंद लाल इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रबंधन विभाग की ओर से बजट समीक्षा सत्र का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के प्राध्यापक व विद्यार्थियों ने बजट-2025 पर चर्चा की। बजट में हरित ऊर्जा, युवा सशक्तिकरण, वित्तीय क्षेत्र व आधारभूत संरचना ढांचे के विकास पर चर्चा की गई।
विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों ने विचार रखे। विद्यार्थियों ने बजट को आधुनिक भारत के डिजिटल युग की शुरुआत का बजट बताया। इसमें मध्यम वर्ग के लोगों को मिली राहत से लेकर रक्षा उपकरणों में आत्मनिर्भर बनाने के साथ युवाओं को रोजगार लायक बनाने के लिए प्रशिक्षण के कदम को सराहा।
बजट के माध्यम से भारत की अर्थव्यवस्था के डिजिटलीकरण के लिए उठाए कदमों को लेकर भी चर्चा हुई। संस्थान निदेशक डॉ. एसके गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के सत्र आर्थिक व वित्तीय जागरूकता के लिए आवश्यक हैं। युवा पीढ़ी का आर्थिक गतिविधियों के प्रति सजग होना अनिवार्य है, तभी वे स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। विद्यार्थियों ने बजट का हर क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया। प्रबंधन विभाग की अध्यक्ष अनुजा गोयल ने बजट समीक्षा में विचार रखे। उन्होंने आर्थिक गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों की जागरूकता की सराहना की। बीबीए इंचार्ज राहुल शर्मा ने बजट को विभिन्न पहलुओं से समझने पर विद्यार्थियों की प्रशंसा की।