संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम सोमवार को जिले के तमाम सरकारी व निजी स्कूलों में दिखाया जाना है। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। सभी स्कूलों में यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे दिखाना अनिवार्य है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ सभी शिक्षक भी शामिल होंगे। इसके लिए अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है।
निदेशालय ने सभी स्कूलों में सीधा प्रसारण दिखाने के लिए किए जाने वाले प्रबंध करने के जिला शिक्षा अधिकारी को आदेश दिए हैं। वहीं, जिलास्तरीय कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। निदेशालय ने इसमें कोई कोताही न बरतने के आदेश दिए हैं। कार्यक्रम दिखाने के लिए स्क्रीन, एजुसेट, इंटरनेट इत्यादि सभी प्रबंध दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं।
निदेशालय का पत्र मिलने के बाद शनिवार को जिला विभाग के तमाम अधिकारी इस तैयारी में जुट रहे। इस कार्यक्रम में छठी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे। जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के करीब 1.75 लाख विद्यार्थी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी स्कूलों में दिखाया जाएगा। जिलास्तरीय कार्यक्रम मॉडल टाउन स्थित शहीद नवीन वैद्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करवाया जाएगा। जिसमें एक हजार विद्यार्थी शामिल होंगे है।
इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि भी आमंत्रित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यातिथि का संबोधन भी करवाया जाएगा। जिला शिक्षा विभाग की ओर से यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा को आमंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि विधायक के शेड्यूल से समय न मिल पाया तो डीसी, एडीसी या अन्य किसी प्रशासनिक अधिकारी को मुख्यातिथि बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए स्कूल को 30 हजार रुपये तक खर्च करने की अनुमति दी है। यह खर्च स्कूल अपनी ग्रांट से कर सकते हैं। निदेशालय ने पत्र जारी कर इसकी अनुमति दी है।
क्लस्टर स्कूल में होगी अतिरिक्त व्यवस्था
जिले के कई स्कूल ऐसे हैं, जहां इंटरनेट व एजुसेट की व्यवस्था ठीक नहीं है। जिले करीब पांच दर्जन स्कूलों में इंटरनेट की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा करीब 150 स्कूल ऐसे हैं, जहां एजुसेट काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में यह स्कूल अपने क्षेत्र के किसी भी क्लस्टर में कार्यक्रम देख सकते हैं। इसके अलावा एजुसेट न होने की सूरत में स्कूल में लगे डिजिटल बोर्ड पर यह कार्यक्रम दिखाया जाएगा।
स्कूलों में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाना है। इसके लिए सभी स्कूलों में व्यवस्था की गई है। जिलास्तर पर कार्यक्रम मॉडल टाउन के राजकीय स्कूल में होगा। इसके लिए मुख्यातिथि का चयन किया जा रहा है। इसके लिए सभी अधिकारियों व स्कूल मुखियाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। - शिव कुमार धीमान, उपजिला शिक्षा अधिकारी।