यमुनानगर। राजकीय स्कूलों में अब विद्यार्थी विज्ञान विषयों पर प्रयोग कर पाएंगे, क्योंकि जहां विज्ञान के अलग-अलग विषयों की प्रयोगशालाएं नहीं हैं, वहां वर्ष-2025 में प्रयोगशालाओं की सौगात मिल सकती है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से योजना तैयार कर ली गई है।
योजना के तहत फिलहाल मॉडल टाउन व भटौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के लिए प्रयोगशालाएं मंजूर हो चुकी हैं, इन पर 80.27 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है। दोनों स्कूलों की प्रयोगशालाओं के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से ई-निविदा प्रक्रिया पूरी की जा रही है। योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भटौली में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी लैब बनेंगी।
ऐसे ही शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में साइंस व बायोलॉजी लैब तैयार होंगी। ये कार्य ई-निविदा के जरिए कार्य आदेश पर संबंधित एजेंसी या ठेकेदार को 12 माह की समय अवधि में पूरा करना है। उल्लेखनीय है कि दोनों स्कूलों में विज्ञान के विद्यार्थी हैं, पर विज्ञान के विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाओं की कमी है।
इनके निर्माण के लिए भेजी गई मांग पर विभाग की ओर से प्रयोगशालाओं के डिजाइन की ड्राइंग से लेकर बजट जारी होने पर ई निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सब कुछ सही रहा तो वर्ष-2026 तक दोनों स्कूलों में यह प्रयोगशालाएं बनकर तैयार हाे जाएगी। इससे स्कूलों में विद्यार्थी विज्ञान विषयों के पाठ्यक्रम संबंधी प्रयोग कर पाएंगे।