संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से शुक्रवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय की परीक्षा ली गई। परीक्षा निर्धारित केंद्रों पर सायंकालीन सत्र दोपहर साढ़े 12 से साढ़े तीन बजे तक हुई। हिंदी माध्यम होने के कारण विद्यार्थियों का अंग्रेजी में हाथ तंग है। जिसके चलते इस परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में थोड़ा तनाव व भय देखने को मिला।
परीक्षा सभी केंद्रों पर निर्धारित समय पर शुरू हुई। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को 12 बजे केंद्र पर पहुंचना थे, लेकिन वे समय से पहले ही पहुंच गए। इस दौरान केंद्र के बाहर विद्यार्थी परीक्षा को लेकर चर्चा करते नजर आए। अन्य से कठिन विषय होने के कारण विद्यार्थियों में डर रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने आपस में बातचीत की और एक दूसरे से अपने शंकाओं का समाधान करवाया। प्रवेश तक विद्यार्थी इसे लेकर चर्चा करते रहे।
परीक्षा ठीक साढ़े 12 शुरू हुई और साढ़े तीन बजे संपन्न हुई। कठिन विषय होने के चलते नकल की संभावना ज्यादा थी। ऐसे में बोर्ड व शिक्षा विभाग की ओर से सभी केंद्रों पर व्यापक प्रबंध किए थे। इस दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति 99.4 प्रतिशत रही। किसी केंद्र पर नकल या उपद्रव का कोई समाचार नहीं मिला। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के बाद विद्यार्थी चहकते हुए बाहर निकले।
विद्यार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी को लेकर जितना डर था, लेकिन प्रश्नपत्र उतना ही सरल रहा। कुछेक प्रश्नों को छोड़ शेष प्रश्नपत्र सरल तैयार किया गया था। लेकिन आसान होने के साथ पेपर काफी लंबा था। जिसे लिखने में समय लगा। सभी उत्तर लिखने के लिए जल्दबाजी में हाथ चलाना पड़ा। परीक्षा अच्छी होने पर विद्यार्थियों ने एक दूसरे को बधाई दी और अपने उत्तर सभी से साझा किए।
वहीं दूसरी तरफ कुछ परीक्षा के बाद केंद्रों के बाहर विद्यार्थी होली खेलते नजर आए। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा अच्छी होने से त्योहार का मजा बढ़ गया है। इसी का उत्सव विद्यार्थियों ने केंद्र के बाहर एक दूसरे को रंग लगाकर मनाया। उप जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार धीमान ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी केंद्र पर नकल इत्यादि का कोई समाचार सामने नहीं आया।
पहले लग रहा था डर
छात्र पंकज ने बताया कि हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों का अंग्रेजी में हाथ तंग होता है। इससे सभी विद्यार्थियों में तनाव व डर था। सभी चाह रहे थे कि अंग्रेजी का प्रश्नपत्र भी आसान हो। जब पप्रश्नपत्र देखा तो तनाव खत्म हो गया। दो-तीन प्रश्न कठिन व काफी बड़े थे, लेकिन शेष पूरा प्रश्नपत्र सरल था।परीक्षा अच्छी हुई है। इससे होली का उत्साह बढ़ गया है।
उत्साह से होली मनाएंगे
छात्र दीपक ने बताया कि यूं तो अंग्रेजी आसान विषय है, लेकिन हिंदी माध्यम वालों के लिए थोड़ी कठिन है। परीक्षा से पहले सभी विद्यार्थियों को इसे लेकर डर व तनाव था। पत्र अन्य विषयों की तरह सामान्य रहा। अच्छी तैयारी होने से परीक्षा भी अच्छी रही। उनके सहित अन्य सभी का पेपर अच्छा हुआ है। अब वे उत्साह से होली मनाएंगे।