संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहर के ग्लोबल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की ओर से विद्यार्थियों को मोहाली की कंपनी मियेंडर सॉफ्टवेयर लिमिटेड में भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें सॉफ्टवेयर उद्योग की कार्यप्रणाली और नवीनतम तकनीकों से अवगत कराया गया। कंपनी रिलेशनशिप मैनेजर अमन कुमार ने छात्रों को कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं, विकास प्रक्रियाओं व प्रबंधन रणनीतियों के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत की, जिन्होंने उन्हें सॉफ्टवेयर विकास के विभिन्न चरणों व उद्योग में कॅरिअर के अवसरों के विषय में मार्गदर्शित किया। वहीं, संस्थान समूह निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार ढींगरा ने बताया कि संस्थान छात्रों के संपूर्ण विकास के लिए इस प्रकार के औद्योगिक दौरे समय -समय पर करवाता रहता है। संस्थान निदेशक डॉ. लक्ष्य अग्रवाल ने कहा कि इस औद्योगिक यात्रा का उद्देश्य छात्रों को वास्तविक उद्योग स्थितियों का अनुभव कराना था।