संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहर के राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को इको क्लब, एनसीसी और सोसायटी फॉर एनवायरमेंट एंड बायो रिसर्च यमुनानगर के संयुक्त तत्वावधान में विश्व आद्र भूमि दिवस के अवसर पर सोमवार को विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को आद्र भूमि का महत्व बताया गया।
प्राचार्य डॉ. एसके सिंह ने बताया कि इस वर्ष का विषय आद्र भूमि और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य आद्र भूमियों के संरक्षण, उनके उचित प्रबंधन और विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। सैंबर समिति के सदस्य डॉ. अमरजीत ने बताया कि आद्र भूमि बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करती है, स्वच्छ जल और जैव विविधता सुनिश्चित करती है और कार्बन सोखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रो. संजीव गांधी ने कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सहित मानव कल्याण के सभी पहलू आद्र भूमियों से गहराई से जुड़े हैं। इस अवसर पर डॉ. ललिता शर्मा की देखरेख में नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सहायक प्रो. मंगल सिंह ने सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में प्रो. सतपाल, डॉ. दर्शन सिंह, सहायक प्रो. ममता रानी और सुनीता उपस्थित रहे।