जगाधरी। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य जानकारियां दी गईं।
स्कूल में प्राचार्य अनूप कुमार चोपड़ा ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बाल सुरक्षा संबंधित कानून, अच्छा व बुरा स्पर्श, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं व प्रावधानों की जानकारी दी। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अपराध को रोकने के लिए जरूरी है कि हमें अपराध की प्रवृति, रोकने व सुरक्षा के उपाय एवं अपराध के विरुद्ध शिकायत करने के लिए उपलब्ध रिपोर्टिंग तंत्र की पूरी जानकारी हो।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में किताबी ज्ञान के साथ पॉक्सो एक्ट व अच्छे व बुरे स्पर्श के प्रति जागरूक करना बहुत आवश्यक है। इससे बच्चे अपने खिलाफ होने वाली अपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा सकेंगे और शिकायत कर सकें। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में समय समय पर ऐसे जागरूकता शिविर करवाए जाएंगे। इसमें बच्चों के साथ उनके माता-पिता को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उन्हें भी बच्चों के सरंक्षण के लिए बने कानून व प्रावधानों की जानकारी हो। इस दौरान सभी अध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।