सरस्वतीनगर। खंड के मिल्क सुक्खी गांव में 80 वर्षीय जोगिंद्र सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से खुद पर गोली चला ली। गोली उनके मुंह में जबड़े से होते हुए निकल गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल जोगिंद्र सिंह को यमुनानगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जोगिंद्र सिंह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और बुजुर्ग होने क कारण कई बीमारियों से घिर चुके हैं। शुगर सहित कई अन्य बीमारियां होने के कारण वह परेशान रहते हैं। वीरवार को वह अपने घर पर थे और परिवार के सदस्य अपने कार्याें में लगे हुए थे। इस दौरान उन्होंने लाइसेंसी बंदूक उठाई और मुंह पर सटाकर गोली चला दी। गोली उनके जबड़े को चीरते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े तो वह अंदर कमरे में लहूलुहान हालत में पड़े थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया।
थाना छप्पर प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि घायल जोगिंद्र का इलाज चल रहा है। अभी तक यही सामने आया है कि बीमारी से परेशान होकर उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया। जांच की जा रही है।