संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेरा युवा भारत यमुनानगर की ओर से श्री गुरु गोबिंद राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों ने भारत के मानचित्र की आकृति और वृत्ताकार रूप में खड़े होकर सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय स्तर की योग एवं मार्शल आर्ट विजेता और युवा आइकन जयंतिका कांबोज ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने, प्रतिभा पहचानने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
स्लोगन लेखन में खुशी प्रथम, आलिया द्वितीय और सना तृतीय रहीं। पेंटिंग प्रतियोगिता में नीतू ने प्रथम, राबिया ने द्वितीय और रूबी ने तृतीय स्थान हासिल किया। मेरा युवा भारत के उप निदेशक ने विद्यार्थियों को विकसित भारत यंग लीडर डायलाॅग प्रतियोगिता 2027 की जानकारी दी।
उन्होंने माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नशामुक्त हस्ताक्षर दीवार भी स्थापित की गई, जिस पर विद्यार्थियों और स्टाफ ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर ऑल इंडिया समाजसेवा केंद्र के अध्यक्ष मनमोहन, तनु शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।