संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जिले में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों और लोगों को डेंगू के लक्षण, इसके फैलने के कारण तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विभाग की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालय गोबिंदपुरा और सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सब्जी मंडी यमुनानगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम जिला मलेरिया अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी की देखरेख में संपन्न हुआ। विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी किया गया।
इस दौरान लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. सुशीला सैनी ने कहा कि डेंगू एक मच्छर जनित बीमारी है, जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग सप्ताह में एक दिन ड्राई डे जरूर मनाएं और कूलर, गमले, टायर तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें।
उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, आंखों के पीछे दर्द और शरीर पर लाल चकत्ते डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें और मच्छरों से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चेतन दत्त, कुलबीर, अमीता, दीपक, रोहित कक्कड़, रणजीत कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।