फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: बढ़ रहा उच्च रक्तचाप का खतरा, चपेट में 49,900 लोग

Sat, 16 May 2026 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
जिला नागरिक अस्पताल में लोगों के रक्तचाप की जांच करतीं स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। जिले में उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में करीब 49,900 लोग उच्च रक्तचाप की चपेट में हैं। इनमें से 49,481 मरीजों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक प्रभावित हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक करीब 28,700 महिलाएं उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। पुरुष मरीजों की संख्या 20,690 है।
जिले में बदलती जीवनशैली, तनाव, खानपान में अनियमितता और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं। खासतौर पर 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार यदि इसका समय रहते जांच और उपचार नहीं कराया जाता है तो यह हृदय रोग, स्ट्रोक और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
विज्ञापन

जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज जांच और उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। कई मरीज ऐसे भी सामने आ रहे हैं जिन्हें लंबे समय तक यह पता ही नहीं चलता कि वे उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। बाद में सिरदर्द, चक्कर या थकान जैसी समस्याएं बढ़ने पर जांच में बीमारी का खुलासा होता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, नमक और तैलीय भोजन कम लेने, योग और व्यायाम अपनाने तथा तनाव से दूर रहने की अपील की है।
गैर संचारी रोग (एनसीडी) के नोडल अधिकारी डॉ. कपिल कांबोज का कहना है कि महिलाओं में हार्मोनल बदलाव, मानसिक तनाव, घरेलू जिम्मेदारियां और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही उच्च रक्तचाप बढ़ने के प्रमुख कारण हैं। कई महिलाएं समय पर जांच नहीं करातीं, जिससे बीमारी लंबे समय तक अनियंत्रित रहती है। गर्भावस्था के दौरान होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी महिलाओं में उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ा रही हैं।
उच्च रक्तचाप के कारण
उच्च रक्तचाप के प्रमुख कारणों में अत्यधिक नमक का सेवन, तनाव, मोटापा, धूम्रपान, शराब का सेवन, शारीरिक गतिविधियों की कमी और अनियमित दिनचर्या शामिल हैं। इसके अलावा देर रात तक जागना, जंक फूड का अधिक सेवन और पारिवारिक इतिहास भी बीमारी का खतरा बढ़ाते हैं। बढ़ती उम्र के साथ रक्तचाप की समस्या होने की आशंका अधिक रहती है। मधुमेह और किडनी रोग से पीड़ित लोगों में भी उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ सकता है।
विज्ञापन

लक्षण और बचाव के उपाय
उच्च रक्तचाप के मरीजों में सिरदर्द, चक्कर आना, घबराहट, थकान, सांस फूलना, सीने में दर्द और धुंधला दिखाई देना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई बार शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते। डॉक्टर नियमित रक्तचाप जांच कराने की सलाह देते हैं। बचाव के लिए कम नमक वाला संतुलित भोजन लें, रोजाना व्यायाम और योग करें, वजन नियंत्रित रखें तथा धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं। तनाव कम करने के लिए पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या अपनाना भी जरूरी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें