जगाधरी। मुख्यालय की ओर से स्कूलों में करवाई जाने वाली सैट परीक्षा बार स्कूल स्तर पर करवाई जाएगी। मुख्यालय ने इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रभारी व प्राचार्यों को दी है। इसके साथ ही स्कूल स्तर पर ही सैट के प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। जिला शिक्षा सदन कार्यालय की ओर से सभी स्कूलों को आदेश भी जारी कर दिए हैं।
वहीं सैट के प्रश्नपत्र तैयार करने में अध्यापकों को परेशानी हो रही है। चूंकि पहले ही स्कूलों में शिक्षकों का टोटा है, जिस कारण वे कक्षाओं में पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं। वहीं, अब प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए उन्हें समय निकालना होगा। अध्यापकों के व्यस्त होने से स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
यही नहीं स्कूलों को अपने स्तर पर ही सैट की डेटशीट भी तैयार करनी होगी। जिले के करीब 70 स्कूल ऐसे हैं जहां स्टाफ का टोटा है। वहीं करीब 36 स्कूल ऐसे हैं, जहां एक ही शिक्षक है। ऐसे में डेटशीट बनाना और प्रश्नपत्र तैयार करने को लेकर अध्यापकों में काफी तनाव है। अध्यापकों का कहना है कि वे विद्यार्थियों को पढ़ाएं या प्रश्नपत्र तैयार करें। यदि शिक्षक प्रश्नपत्र में व्यस्त हो गए तो स्कूलों में पढ़ाई बाधित होगी। जिसका सीधा असर विद्यार्थियों के सैट परिणाम पर पड़ेगा। यदि विद्यार्थियों का प्रदर्शन प्रभावित होगा तो इसका असर अध्यापकों के परफॉर्मेंस पर पड़ेगी।
70 स्कूलों में शिक्षकों की कमी
जिले के करीब 70 स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। इस दौरान करीब तीन दर्जन स्कूल ऐसे हैं, जहां एक ही शिक्षक है। जबकि एक दर्जन स्कूल शिक्षक हीन हैं। पंचकूला से आए 87 शिक्षकों की ज्वाइनिंग के बाद भी स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी नहीं हो पाई है। अभी भी जिले के स्कूलों में करी 500 शिक्षकों की कमी है। ट्रांसफर ड्राइव के बाद से जिले के स्कूल इस समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में इन स्कूलों में सैट करवाने में विभाग को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
जिले के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी : ट्रांसफर ड्राइव के बाद दड़वा, रामबांस, दमोपुरा छोटा, दमोपुरा बड़ा, मंडोली गगड़, जयधरी, भीलपुरा, मंडेवाला, रगड़ माजरा, माली माजरा, मलिकपुर खादर, बूड़ा भूड़, कोलीवाला, बेगमपुर, सपेलिया, नवाजपुर, बिचपड़ी, देवधर, बलेवाला, तेलीपुरा, खदरी, भंगेड़ा, खिजराबाद, बागपत, चिकन, मुजाफ्त खुर्द, मजाफ्त, जोगीवाड़ा, लाक्कड़, कन्हैयावाला स्कूल में नहीं रहे। वहीं जामुनावाला, सुलतानपुर, कोटला, टाेडरपुर, नन्हेंड़ी, संगोली, मिल्क जुबिलयान, बीर माजरी, सरावां की टपरियां, डूमवाला, असगरपुर स्कूल में कोई स्थायी शिक्षक नहीं है।