संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दामला में भारतीय मानक ब्यूरो क्लब के तत्वावधान में पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा, उपभोक्ता जागरूकता और भारतीय मानकों के प्रति समझ विकसित करना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गुणवत्ता युक्त उत्पादों के उपयोग, भारतीय मानकों के पालन, उपभोक्ता अधिकारों और सुरक्षित जीवन जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और विषय की समझ का प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसकी सभी ने सराहना की। बीआईएस क्लब की प्रभारी ममता शर्मा ने प्रतियोगिता का संचालन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योत्सना जैन ने विद्यार्थियों के पोस्टरों का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक सोच, गुणवत्ता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यापक सदस्य दर्शन लाल, कश्मीरी लाल और तनु शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रिंस, अलीशा, अनीशा, ईशा और लूसी के पोस्टरों की सराहना की गई। विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों केविकास के लिए रचनात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन करने का संकल्प लिया।