यमुनानगर। सरोजनी कॉलोनी स्थित मुकंद लाल स्कूल के बाहर दसवीं कक्षा के छात्र के सिर में ईंट व बेसबॉल के डंडे से हमला कर घायल कर दिया गया। आरोप स्कूल में पढ़ने वाले ही तीन छात्रों व उसके साथियों पर लगा है। गांधी नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मॉडल टाउन निवासी वेद प्रिया आर्य ने बताया कि उसका किशोर बेटा मुकंद लाल स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। 21 नवंबर को उसका बेटा तीन बजे छुट्टी के बाद जब स्कूल से बाहर निकला तो स्कूल के ही तीन विद्यार्थियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। तीनों आरोपी भी नाबालिग हैं। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर में ईंट व बेसबॉल के डंडे से वार किए। जिससे उसका बेटा घायल हो गया। आसपास के लोगों को एकत्रित होता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। लोगों ने उसके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया गया। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले में तीनों छात्रों व उनके दो-तीन अन्य दोस्तों पर केस दर्ज कर लिया है।