संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मतदान के बाद जिला के चारों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों को आईटीआई में बनाए गए स्ट्रांग रूम पुलिस की निगरानी में रखा गया है। ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर सीआईएसएफ, हरियाणा सशस्त्र पुलिस फोर्स व जिला पुलिस का कड़ा पहरा है और यहां किसी को जाने की इजाजत नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि ईवीएम स्ट्रांग रूम अब चार जून को सुबह ही खोले जाएंगे, जब मतगणना शुरू होनी है। इस दौरान लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार या उनके इलेक्शन एजेंट दूर से स्ट्रांग रूम की व्यवस्था को देख सकते हैं। स्ट्रांग रूम के समीप कोई भी अधिकारी या उम्मीदवार जाएगा तो उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनका कंट्रोल रूम आईटीआई यमुनानगर के परिसर में बनाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चार जून को सुबह मतगणना करवाई जाएगी। उस दौरान भी मतगणना केंद्रों के अंदर केवल निर्वाचन विभाग की ओर से प्राधिकृत कर्मचारी, अधिकारी, उम्मीदवार व उनके काउंटिंग एजेंट ही प्रवेश कर सकते हैं। किसी आम आदमी को मतगणना केंद्र में आने की अनुमति नहीं होगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसके लिए चाक-चौबंद तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि चारों स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे की अवधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगा दिए गए हैं, जो कि बारी-बारी से स्ट्रांग रूम पर निगरानी रखेंगे।