यमुनानगर। नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर वीरवार को पुलिस अधीक्षक राजीव देसवाल ने लघु सचिवालय में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी, स्टाफ इंचार्ज व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने हरियाणा नगर पालिका आम चुनाव-2025 को मध्यनजर रखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग करने, सभी होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, लॉज, बस स्टैंड इत्यादि सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कर कड़ी सुरक्षा करने और संदिग्ध प्रकार के व्यक्तियों से पूछताछ करके उन पर निगरानी रखने, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब विक्रेताओं व उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी भवनों तथा संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रात्रि चेकिंग अधिकारी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता चैकिंग करें तथा यह भी सुनिश्चित करे कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि पाये जाने पर नियमानुसार कार्यवाही तुरंत अमल में लाई जाए।
जांच के लिए लगाए 26 नाके
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जिला पुलिस तैयार है। इस चुनाव में आमजन का सहयोग भी जरूरी है। चुनाव दृष्टिगत जिला में 26 नाके लगाए गए हैं। जहां पर पुलिस के जवानों द्वारा नाकों पर लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहनता से जांच करने के बाद ही वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा है, ताकि चुनाव को प्रभावित करने के लिए किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि ना की जा सके। चुनाव के चलते शराब की तस्करी नशीले पदार्थों की सप्लाई को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है, इसके अलावा दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की पूर्ण जांच कर दस्तावेजों को चेक किया जा रहा है। जिस संबंध में थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों को विशेष दिशा निर्देश भी दिए गए हैं कि व चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें तथा कोई भी वस्तु अथवा व्यक्ति संदेह प्रद होने पर उसकी पूरी तलाशी ली जाए।