बेटी को दवाई दिलवाकर लौट रहे बाइक सवार पिता की बाइक की सामने से आ रहे बाइक के साथ टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि बाइक चला रहे पिता व पीछे बैठी बेटी उछलकर दूर गिर पड़े। हादसे में दोनों घायल बाप बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पिता की मौत हो गई। जबकि बेटी को उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्जकर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया।
भीलपुरा निवासी पहल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन रीना देवी की शादी फतेहपुर निवासी धर्मबीर के साथ की थी। शनिवार सुबह वह अपनी बहन रीना देवी से मिलने के लिए उनके गांव आया था। बहन के घर जाकर उसे पता चला कि उसका जीजा धर्मबीर उसकी भांजी पायल को दवाई दिलवाने के लिए बहरामपुर गया हुआ है। करीब नौ बजे उसका जीजा उसकी भांजी को दवाई दिलवाकर लौट रहा था। जब वह बाइक पर पुराना सहारनपुर रोड पर फतेहपुर निवासी सोम प्रकाश के डेरे के पास फतेहपुर गांव के मोड पर पहुंचा तो जगाधरी की तरफ से उसी समय तेज रफ्तार एक बाइक सवार आया। आरोपी ने बड़ी तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके जीजा की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका जीजा धर्मबीर व उसकी भांजी बाइक समेत नीचे गिर गए। आरोपी बाइक चालक अपनी बाइक को मौके पर छोड़ कर भाग गया। कुछ समय बाद गांव के काफी लोग मौके पर आ गए। हादसे की सूचना पर एंबुलेंस भी मौका पर आ गई। उसने लोगों की मदद से अपने जीजा व भांजी को इलाज के एंबुलेंस द्वारा ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। उपचार के कुछ देर बाद उसके जीजा धर्मबीर की मौत हो गई। भांजी पायल को उपचार दिया गया। इसकी सूचना बुड़िया पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते हो रहे हादसे, जा रही लोगों की जान
जिले की सड़के खून से रोजाना लाल हो रही है। तेज रफ्तार व लापरवाही का कहर रोजाना देखने को मिल जाता है। लेकिन प्रशासन का इनपर कोई अंकुश नहीं है। पुलिस केवल नाममात्र की कार्रवाई कर रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा सड़कों पर नियमों का पालन न करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। तीव्र मोड़ों पर संकेतक नहीं है। कई जगह सड़क और बर्म के बीच छह इंच से लेकर दस इंच तक का अंतर है। ऐसे में हादसे हो रहे है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मामले में आरोपी बाइक चालक पर केस दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच कर रहे है। जल्द ही आरोपी का पता कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रामकुमार, एसएचओ, थाना बुड़िया।