सीआईए वन की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी।
- फोटो : YAMUNA NAGAR
यूपी से 30 ग्राम स्मैक डेढ़ लाख रुपये में खरीदकर युवक ढाई लाख रुपये में बेचता था। दोगुना मुनाफा कमा रहे इस आरोपी को सीआईए वन की टीम ने शुक्रवार देर शाम बुड़िया के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक यूपी से स्मैक की तस्करी कर रहा था और बुड़िया के रास्ते शहर आ रहा था। आरोपी के पास से पुलिस ने 30 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए वन इंचार्ज महावीर सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली कि नशीले पदार्थ लेकर एक युवक बुड़िया रोड के रास्ते शहर में आएगा। एएसआई मोहकम सिंह की टीम का गठन किया गया। टीम ने बुड़िया के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक युवक आता दिखाई दिया जो पुलिस को देख भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके पर तहसीलदार जगाधरी जोगिंद्र को बुलाया गया। पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव पटनी निवासी गुफरान के नाम से हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया गया है।
लंबे समय से कर रहा था नशीले पदार्थों की तस्करी : इंचार्ज महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सहारनपुर के मुरसलीन नामक व्यक्ति से नशीले पदार्थ लेकर आता था और शहर में बेचता है। पिछले लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था। पकड़ी गई स्मैक की कीमत यूपी में करीब डेढ़ लाख रुपये है। आरोपी यह नशीले पदार्थ शहर में करीब ढाई लाख रुपये के बेचता था। उन्होंने बताया कि अब आरोपी मुरसलीन को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्दी उन्हें विस्तार किया जाएगा।