संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। भारत-अमेरिका संभावित कृषि व्यापार समझौते के विरोध में किसान संगठनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को कस्बा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के ब्लॉक छछरौली और प्रतापनगर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान राजकुमार और प्रतापनगर ब्लॉक प्रधान जगतार सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न किसान संगठनों ने मिलकर देश बचाओ मोर्चा के गठन की घोषणा की। बैठक में भारतीय किसान यूनियन और शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। भाकियू चढ़ूनी के जिला प्रधान संजू गुंदियाना ने कहा कि यदि भारत सरकार अमेरिका के साथ ऐसा कृषि व्यापार समझौता करती है को किसानों को उठाना पड़ेगा।
उनका कहना था कि इससे भारतीय किसानों की उपज को उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा और खेती गंभीर संकट में आ जाएगी। देशभर के किसान संगठनों के आह्वान पर 15 जुलाई को प्रत्येक जिले में मोटरसाइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी। यमुनानगर जिले में भी किसान गांव-गांव से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कैल स्थित कचरा प्लांट तक पहुंचेंगे। वहां से जिलेभर के किसान एकजुट होकर उपायुक्त कार्यालय जाएंगे और डीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल किसानों के हितों की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि देश की कृषि व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा को बचाने के लिए भी जरूरी है। किसानों का आरोप है कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों को बिना शुल्क भारतीय बाजार में प्रवेश मिला तो इसका सीधा असर देश के लाखों किसानों की आजीविका पर पड़ेगा।
बैठक में 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित किसान महापंचायत की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं और गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के जिला प्रधान जसप्रीत सिंह गलोली, किरण पाल, बलदेव, नरेश, हुकम सिंह, युवा ब्लॉक अध्यक्ष शुभम लेदी, रणबीर सिंह, नैब सिंह बलाचौर, पारुल राणा, कुलदीप सिंह, गुरजोत सिंह, राजेश, सुरेश पाल भागू माजरा मौजूद रहे।