संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। ग्रामीण रामा ड्रैमेटिक क्लब नाचरौन की ओर से गांव नाचरौन में रामलीला मंचन कराया जा रहा है। इसमें शनिवार रात बाली वध और सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बनाने की लीला का मंचन किया गया।
बाली वध के दृश्य में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम व लक्ष्मण सीता की तलाश करते हैं। इस दौरान अपने भाई बाली के हाथों सताया सुग्रीव श्रीराम व लक्ष्मण को आता देख डर जाता है। वह हनुमान जी को उनका पता लगाने के लिए भेजते हैं कि ये कौन हैं। तब हनुमान जी भेष बदलकर श्रीराम व लक्ष्मण के पास पहुंचकर सारा हाल जान लेते हैं। इसके बाद हनुमान जी श्री राम व लक्ष्मण को कंधों पर बैठाकर सुग्रीव के पास ले जाते हैं। वहां सुग्रीव व श्रीराम की मित्रता होती है।
दोनों एक दूसरे को अपनी विपदा बताकर साथ देने का वादा करते हैं। तब श्रीराम सुग्रीव से बाली को युद्ध करने के लिए ललकारने के लिए कहते हैं। सुग्रीव बाली को युद्ध के लिए ललकारते हैं। श्रीराम तीर चलाकर बाली का वध कर देते हैं। उसके वध के बाद सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बना देते हैं। मंचन के दौरान क्लब के प्रधान डॉ. लाभ सिंह, राहुल पुंडीर, राज शर्मा, सेठपाल शर्मा, धर्मबीर राणा, चंद्रपाल कोच, यशपाल राणा, मुकेश जेलदार, प्रदीप राणा, रूपेंद्र, राजपाल, सोमपाल कश्यप मौजूद रहे।