फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शॉर्टकट पड़ा भारी : तालाब में गिरी कार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत

Sat, 10 Jan 2026 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
जगाधरी सिविल अस्पताल में मृतक हिमांशु भसीन के ​परिजनों को संभालते रिश्तेदार। संवाद
विज्ञापन
सरस्वतीनगर/यमुनानगर। टोल टैक्स बचाने की नीयत से चुना गया गांव का शॉर्टकट एक होनहार युवक की जानलेवा बन गया। गांव कान्हड़ी खुर्द में बने इस मोड पर शुक्रवार को ग्रे रंग की टोयोटा टाइजर कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सगे भाई-बहन में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल है। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मृतक की पहचान हिमांशु पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई है।
विज्ञापन

हिमांशु चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह वह अपनी बहन तान्या को चंडीगढ़ के डकौली क्षेत्र में परीक्षा दिलवाने लेकर गया था। परिवार ने तान्या के लिए कैब की व्यवस्था की थी, लेकिन भाई ने खुद साथ जाने की जिद की। वीरवार रात वह चंडीगढ़ से यमुनानगर आया और शुक्रवार सुबह बहन को लेकर रवाना हो गया। परीक्षा के बाद दोनों यमुनानगर लौट रहे थे। इस दौरान ये हादसा हो गया। उधर, सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस जगाधरी सिविल अस्पताल पहुंची। जांच अधिकारी बलदेव राज के अनुसार शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
100 रुपये का टोल बचाने के लिए लिया था शॉर्टकट
दोपहर करीब 12 बजे मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर पहुंचने पर हिमांशु ने 100 रुपये का टोल टैक्स बचाने के लिए गांव की ओर जाने वाला शॉर्टकट रास्ता पकड़ लिया। यह रास्ता करीब पांच किलोमीटर लंबा है, जो संकरा होने के साथ-साथ तालाब के बिल्कुल किनारे से गुजरता है। गांव कान्हड़ी खुर्द के पास सामने से आ रही गाड़ी को देखकर हिमांशु ने कार को संभालने की कोशिश की, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर तालाब में गिरकर पलट गई। कार के तालाब में गिरते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया और उन्हें जगाधरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। हादसे में तान्या के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके आगे के दांत टूट गए हैं।
विज्ञापन

15 दिन पहले ली थी नई कार
हिमांशु के पिता कृष्ण लाल ने बताया कि बेटे ने बीटेक की पढ़ाई की थी और हाल ही में उसने अपने लिए नई कार खरीदी थी, जिसे महज 15 दिन ही हुए थे। घर में हिमांशु की शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। हिमांशु 3 फरवरी को 30 साल का होने वाला था। परिवार भविष्य की योजनाओं में लगा था, लेकिन एक फैसले ने सब कुछ बदल दिया। उधर, स्थानीय लोगों ने एक बार फिर इस खतरनाक रास्ते को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि मिल्क माजरा टोल प्लाजा से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क किनारे गहरा तालाब होने के बावजूद न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी तरह की रेलिंग या सुरक्षा व्यवस्था है।

जगाधरी सिविल अस्पताल में मृतक हिमांशु भसीन के परिजनों को संभालते रिश्तेदार। संवाद

जगाधरी सिविल अस्पताल में मृतक हिमांशु भसीन के परिजनों को संभालते रिश्तेदार। संवाद

जगाधरी सिविल अस्पताल में मृतक हिमांशु भसीन के परिजनों को संभालते रिश्तेदार। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें