संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहरी सड़कों से ट्रैफिक जाम कम करने के लिए बनी ऑटो मार्केट परियोजना ढाई साल में भी पूरी नहीं हो पाई है। इसमें ढाई साल पहले चांदपुर, गुलाब नगर व गधौली में ऑटो मार्केट प्रस्तावित की गई, पर अब तक चांदपुर में ही मार्केट का काम लगा। यहां भी दो साल में 42 में से 21 दुकानें बनीं। पेयजल, निकासी, लाइट जैसी मूल जरूरतों व अन्य सुविधाओं का अभाव है।
निगम अफसर तैयार हो चुकी 21 दुकानों में भी वाहन मरम्मत की दुकानें शिफ्ट नहीं कर पाए हैं। ऐसे में अभी भी शहर में वाहन मरम्मत की दुकानों के आगे फुटपाथ तो कहीं आधे मार्ग तक वाहन खड़े रहते हैं, जिससे लोग ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं।ज्ञात हो कि चांदपुर में 3.16 करोड़ रुपये की लागत से बननी है। जिसमें कुल 42 दुकानें होंगी।
इनमें प्रथम चरण में 21 दुकानों का निर्माण कार्य अप्रैल 2022 को शुरू हुआ, जो लगभग पूरा है। शेष 21 दुकानों में सहित पेयजल निकासी, शौचालय व ओपन एरिया में शेड व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने आदि काम बाकी हैं। चांदपुर से भी कई गुना बड़ी ऑटो मार्केट 19.65 करोड़ रुपये की लागत से गुलाब नगर और गधौली में बननी है। इन दोनों मार्केट के निर्माण को लेकर नगर निगम सदन में प्रस्ताव पास करने के आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ऑटो मार्केट में दो, तीन और चार पहिया वाहन रिपेयर की दुकानें शिफ्ट होने से जहां नगर निगम क्षेत्र में लगते हाईवे से लेकर शहरी सड़कों और बाजारों से अतिक्रमण व ट्रैफिक जाम को दिक्कत से मुक्ति मिलेगी, वहीं मार्केट में एक ही जगह वाहन चालकों को वाहन मरम्मत व उनके कलपुर्जे मिलने की सुविधा होगी। साथ ही ऐसी दुकानों के संचालकों व उनके वर्कर्स को मार्केट में पेयजल, निकासी, शौचालय सहित ओपन एरिया में शेड व अन्य सुविधाएं मिल पाएंगी।
आधी सड़कों तक खड़े रहते वाहन
नगर निगम क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोनिवि व नगर निगम की सड़कें हैं। इनमें ज्यादातर के साथ दो, तीन, चार पहिया वाहनों की मरम्मत की दुकानें चल रही हैं। इसके अलावा रामपुरा कॉलोनी में रिहायशी क्षेत्र समीप ऐसी सैकड़ों दुकानें हैं। ऐसे ही डीएवी गर्ल्स कॉलेज से निरंकारी भवन तक दोनों ओर व जगाधरी में महाराजा अग्रसेन चौक से बूड़िया चौक तक, सहारनपुर कुरुक्षेत्र हाईवे पर पुराना हमीदा से पश्चिमी यमुना नहर पुल तक ऐसी दुकानें हैं। इनमें कई दुकानों के आगे फुटपाथ व सड़क किनारे वाहन मरम्मत का काम हो रहा है। साथ ही कई वाहन आधी सड़कों तक खड़े रहते हैं। इससे आवाजाही के लिए मार्ग संकरा हो जाने से वाहन चालक ट्रैफिक जाम की दिक्कत झेल रहे हैं।
ऑटो मार्केट परियोजना के काम जल्द पूरे होंगे। इस बारे में संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश देंगे। - आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।