संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर निगम ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 10 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान अपने आसपास सफाई रखने वाले दुकानदारों को मेयर ने सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि मेयर सुमन बहमनी ने पार्षद किरण यादव, स्नेह सेवा ट्रस्ट के संस्थापक ममता सेन व अन्य मौजिज लोगों के साथ आजाद नगर, दशमेश कॉलोनी और गुरु नानक खालसा कॉलेज रोड पर झाड़ू लगाकर सफाई की और जनता को स्वच्छता का संदेश दिया। उनके साथ स्नेह सेवा ट्रस्ट के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता, सफाई कर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान मेयर सुमन बहमनी ने अनोखी पहल शुरू की। उन्होंने अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने वाले दुकानदारों व नागरिकों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। ताकि शहर के अन्य लोग भी शहर को स्वच्छ व साफ बनाने में आगे आए।
वहीं, उन्होंने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नगर निगम के सफाई योद्धाओं को भी सम्मानित किया और उनकी सराहना की। मेयर सुमन बहमनी ने सफाई अभियान के दौरान अपने आसपास सफाई बनाए रखने में योगदान देने पर सब्जी विक्रेता गणेश गुप्ता, गन्ने के जूस विक्रेता वेद प्रकाश, शिवम बेकरी संचालक वीरेंद्र, शशि राज अस्पताल प्रबंधक आदि को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
इसके अलावा जिन दुकानदारों की दुकानों के आसपास गंदगी मिली, उन्हें अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के प्रति जागरूक किया और वहां तुरंत सफाई करवाई गई। उन्होंने संबंधित दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए समझाया कि वातावरण को स्वच्छ बनाना सभी की जिम्मेदारी है। यह शहर हम सबका है। इसे स्वच्छ बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
निगम शहर को सुंदर व साफ बना रहा है, लेकिन हम फिर गंदगी डालकर इसे गंदा कर रहे है। ऐसा न करें। सि मौके पर ममता सैन, पवन यादव, रामनारायण, धर्म पाल तलवार, चन्द्र मोहन शर्मा, ललित मोहन, रेखा रानी, पूनम, राज कुमार, सोमनाथ, रमेश, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज धीमान, अरुण आदि मौजूद रहे।